देहरादून ,
देहरादून में उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, बिंदाल क्षेत्र में एक घर में अनैतिक देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर 16 मार्च की रात गांधी नगर, रघुनाथ मंदिर के पास स्थित मकान में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर के अंदर 3 महिलाएं और 2 पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला सहित कुल 3 लोगों—रानी देवी, आशीष कुमार पांडे और फुलो खान—को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला अपने घर में देह व्यापार चला रही थी और बाहरी राज्यों से महिलाओं को काम दिलाने के बहाने देहरादून बुलाकर उनकी मजबूरी का फायदा उठाती थी। व्हाट्सएप के जरिए लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर रेट और लोकेशन तय की जाती थी, जबकि सह-आरोपी महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था।
इस संबंध में कैंट कोतवाली में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी मसूरी जगदीश पंत, निरीक्षक प्रदीप पंत, उपनिरीक्षक विनयता चौहान सहित एएचटीयू और थाना कैंट के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।