देहरादून ,
देहरादून में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। यूपीसीएल ने मीडियम टर्म टेंडर के तहत खरीदी गई 500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी है, जिससे अब रोजाना अतिरिक्त बिजली मिल सकेगी।
मार्च में तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग और आपूर्ति का संतुलन बिगड़ने लगा था। यूपीसीएल के आंकड़ों के अनुसार, यूजेवीएनएल के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। महीने की शुरुआत में जहां उत्पादन 90 लाख यूनिट था, वह 15 मार्च तक घटकर 59 लाख यूनिट रह गया। इस लगभग 35 प्रतिशत कमी ने ऊर्जा निगम की चिंता बढ़ा दी थी।
स्थिति को संभालने के लिए यूपीसीएल को खुले बाजार से भारी मात्रा में बिजली खरीदनी पड़ी। इसी बीच मीडियम टर्म टेंडर से खरीदी गई 500 मेगावाट बिजली की सप्लाई शुरू होना बड़ी राहत मानी जा रही है।
इसके अलावा, राज्य सरकार की केंद्र से अतिरिक्त बिजली की मांग पर भी सहमति बन गई है। इसके तहत अप्रैल में 100 मेगावाट और मई में 300 मेगावाट बिजली केंद्र के गैर-आवंटित कोटे से मिलने लगेगी।
गौरतलब है कि पिछले साल गर्मियों में बिजली की मांग 6 करोड़ यूनिट प्रतिदिन के पार पहुंच गई थी, ऐसे में इस बार पहले से की गई तैयारी उपभोक्ताओं को राहत दे सकती है।
