उत्तरकाशी,
जिला एवं सत्र न्यायालय उत्तरकाशी की आधिकारिक मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला न्यायाधीश के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के नेतृत्व में पुलिस और इंटेलिजेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया गया। एहतियात के तौर पर पूरे न्यायालय परिसर को खाली करवाया गया तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। इसके साथ ही दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। तकनीकी जांच के लिए बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को बुलाया गया, जिसने परिसर की गहन जांच की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उत्तरकाशी जिले के सभी न्यायालय परिसरों में भी पुलिस और इंटेलिजेंस की टीमें अलर्ट मोड पर तैनात कर दी गई हैं। लगातार प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी ने आम जनता से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी पुलिस मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत सक्रिय रूप से काम कर रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली उत्तरकाशी में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और साइबर माध्यमों से आरोपी की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और न्यायालय परिसरों की निगरानी बढ़ा दी गई है।