देहरादून: डीएम के जनता दर्शन में त्वरित फैसले, मौके पर ही राहत और कार्रवाई

देहरादून,

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आयोजित जिला प्रशासन के जनता दर्शन कार्यक्रम में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का असर साफ दिखाई दिया। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कुल 163 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, भरण-पोषण, बैंक ऋण और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

विधवा सुनीता को तत्काल आर्थिक मदद

इंद्रानगर, डाकाल चौक निवासी विधवा सुनीता ने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक तंगी और तीन बच्चों के पालन-पोषण में आ रही कठिनाइयों की जानकारी दी। इस पर डीएम ने प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता देने और जिला समाज कल्याण अधिकारी को विधवा पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश मौके पर ही दे दिए।

बुजुर्ग दंपति को घर से निकाले जाने पर कार्रवाई

रेसकोर्स निवासी बुजुर्ग महिला ने शिकायत की कि उनके पुत्र उन्हें घर में नहीं रहने दे रहे और मारपीट करते हैं। इस गंभीर मामले में डीएम ने तुरंत भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में आज भरण-पोषण अधिनियम के तहत पांच से अधिक मामले दर्ज किए गए।

संपत्ति हड़पने की शिकायत पर जांच

दौड़वाला निवासी 81 वर्षीय कांता देवी ने आरोप लगाया कि उनकी नातिन के पति ने धोखे से उनकी संपत्ति अपने नाम करवा ली और बैंक खाते से धनराशि निकाल ली। वर्ष 2024 में नातिन की संदिग्ध मौत का भी मामला सामने आया। डीएम ने उप जिलाधिकारी न्याय को पूरे प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीवर लाइन और बिजली पोल की शिकायतों पर निर्देश

कारगी चौक, कुंज विहार निवासी दुर्गा प्रसाद नौटियाल ने बताया कि उनके क्षेत्र में सीवर लाइन बिछी लेकिन उनके मकान को छोड़ दिया गया। डीएम ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व और आपदा प्रबंधन अधिकारी को यूयूएसडीए से कारण स्पष्ट कर समाधान के निर्देश दिए।

वहीं विधाता एन्कलेव निवासी सुरेश चौहान की बिजली पोल शिफ्टिंग की शिकायत पर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत से विलंब का कारण पूछते हुए शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए।

शिक्षिका उत्पीड़न मामले में 3 दिन में रिपोर्ट

सेवानिवृत्त अध्यापिका सुशीला नेगी ने पुलिस पब्लिक स्कूल में प्रधानाध्यापक द्वारा उत्पीड़न की शिकायत की। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जांच कर 20 फरवरी तक एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

छरबा में अवैध अतिक्रमण की जांच

छरबा क्षेत्र में विनोबा भावे ट्रस्ट की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर डीएम ने उप जिलाधिकारी विकासनगर की अध्यक्षता में समिति गठित कर 10 दिन में रिपोर्ट मांगी।

सड़क गुणवत्ता पर भी जांच के आदेश

मोथरोवाला निवासी आनंदमणि डिमरी ने एडीबी द्वारा बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इस पर डीएम ने परियोजना निदेशक यूयूएसडीए को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

बिना दस्तावेज लोन देने वाली फाइनेंस कंपनी पर कानूनी राय

एक बुजुर्ग पिता ने शिकायत की कि फाइनेंस कंपनी ने केवल बिजली बिल के आधार पर उनके पुत्र को पर्सनल लोन दे दिया और अब वसूली नोटिस चस्पा कर दिया है। डीएम ने इस मामले में डीजीसी सिविल से विधिक राय मांगी है।

मजदूरी न मिलने और बकाया भुगतान के मामले

सुद्धोवाला निवासी श्रमिक मुन्ना सिंह चौहान की मजदूरी न मिलने और औजार जब्त करने की शिकायत पर सहायक श्रम आयुक्त को जांच के निर्देश दिए गए।
आर्यनगर निवासी हरिराम दुबे की बकाया भुगतान संबंधी शिकायत भी श्रम विभाग को भेजी गई।


जनता दर्शन में हुई त्वरित कार्रवाइयों से आमजन में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ता दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी ने दोहराया कि जनसमस्याओं का मौके पर समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *