देहरादून ,
शिमला बायपास रोड पर सड़क खुदाई के कारण आमजन को हो रही असुविधा और यातायात बाधित होने की लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के तत्काल संज्ञान के बाद शिमला बायपास पर सड़क सुधारीकरण एवं पुनर्स्थापन का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा की गई सड़क खुदाई के कारण मार्ग की सतह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने धूल, गड्ढों और जाम की गंभीर समस्या की शिकायत भी प्रशासन के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी ने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड को तत्काल रोड रेस्टोरेशन (सड़क पुनर्स्थापन) कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में निर्माण खंड द्वारा सड़क सुधार कार्य आरंभ कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की सड़क खुदाई के बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से रेस्टोरेशन कार्य पूरा किया जाना अनिवार्य होगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ही सड़क खुदाई से जुड़ी सभी अनुमतियां निरस्त कर दी गई हैं। बिना अनुमति सड़क खुदाई करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक मार्गों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।