ऋषिकेश / देहरादून ,
ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की अत्यंत दुःखद और संवेदनशील घटना के संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा नामित जांच अधिकारी, पुलिस अधीक्षक श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने सोमवार को ऋषिकेश पहुंचकर मामले की विस्तृत समीक्षा की।
एसपी भदाणे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। इसके बाद वह कोतवाली ऋषिकेश पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रकरण से संबंधित सूचनाओं और पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े अभिलेखों का गहन अवलोकन किया।
पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार से भेंट कर शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों के बयान दर्ज करते हुए कहा कि मामले की विवेचना पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि स्थानीय पुलिस की किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में हाल की घटनाओं के मद्देनज़र पुलिस मुख्यालय द्वारा महिला आईपीएस अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एम्स चौकी प्रभारी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
— मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड