देहरादून,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के सख्त रवैये के चलते यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में दून पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गलत दिशा में लापरवाही व खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ धारा 281 BNS के तहत अभियोग दर्ज किया है।
थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान जोगीवाला चौक से कैलाश कट की ओर विपरीत दिशा में खतरनाक तरीके से आ रहे एक वाहन को रोका गया। वाहन चालक की पहचान शक्ति शरण उपाध्याय पुत्र श्रीनिवास उपाध्याय, निवासी जोगीवाला, देहरादून के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान चालक द्वारा गलत दिशा में वाहन चलाने के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।
पुलिस जांच में पाया गया कि चालक सार्वजनिक मार्ग पर तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाकर स्वयं एवं आमजन के जीवन को खतरे में डाल रहा था, जिससे किसी व्यक्ति को चोट लगने अथवा गंभीर सड़क दुर्घटना घटित होने की प्रबल संभावना थी। इस पर पुलिस ने वाहन संख्या UK-07-AS-3270 को सीज करते हुए थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 52/26, धारा 281 BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।