श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का जोरदार आगाज़

छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, फैशन शो में दिखी देश की सांस्कृतिक झलक

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में बुधवार को सांस्कृतिक उल्लास, रचनात्मकता और छात्र ऊर्जा का भव्य संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर में 4 फरवरी से 7 फरवरी तक चलने वाले सांस्कृतिक सप्ताह का शानदार शुभारंभ किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कार्यक्रम के आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे आयोजनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के निरंतर अवसर प्रदान करता है, जिससे उनमें संगठन, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत नृत्य, संगीत, फैशन शो, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और फूड फेस्ट जैसी अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

सांस्कृतिक सप्ताह के पहले दिन आयोजित फैशन शो में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न संकायों के छात्रों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ईशा शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *