बेटी की फीस एकमुश्त जमा, सीएसआर फंड से आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री के निर्देश पर विधवा शांति राणा को बड़ी राहत

देहरादून ,

पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद आर्थिक तंगी, बैंक ऋण और तीन बच्चों की जिम्मेदारी से जूझ रही विधवा शांति राणा को जिला प्रशासन द्वारा मानवीय संवेदनाओं के साथ बड़ी राहत प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सीएसआर फंड के माध्यम से न केवल उनका बैंक ऋण समाप्त कराया, बल्कि बेटी की शिक्षा भी सुनिश्चित की है।

जिला प्रशासन द्वारा सीएसआर फंड से 4 लाख रुपये की सहायता राशि शांति राणा के बैंक खाते में हस्तांतरित की गई, जिससे ई-रिक्शा खरीद के लिए लिया गया बैंक ऋण पूर्ण रूप से निस्तारित हो सका। इसके साथ ही उनकी 8वीं कक्षा में अध्ययनरत पुत्री अंशिका की कक्षा 12वीं तक की शिक्षा सुनिश्चित करते हुए 1.62 लाख रुपये की फीस एकमुश्त संबंधित स्कूल प्रबंधन के खाते में जमा कराई गई, जिससे परिवार को भविष्य की एक बड़ी चिंता से राहत मिली है।

उल्लेखनीय है कि नवंबर माह में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान शांति राणा ने अपनी पीड़ा साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पति मनबहादुर ने परिवार की आजीविका के लिए 3,72,600 रुपये का बैंक ऋण लेकर ई-रिक्शा खरीदा था, किंतु एक सड़क दुर्घटना में उनकी असामयिक मृत्यु हो गई। इसके बाद परिवार में कोई कमाने वाला नहीं बचा। वर्तमान में शांति राणा अपने तीन बच्चों—12 वर्षीय पुत्री अंशिका, 5 वर्षीय पुत्र अक्षय एवं एक किशोर पुत्र—के साथ कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही थीं और बैंक ऋण की किश्तें जमा करने में असमर्थ थीं।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच कर त्वरित राहत सुनिश्चित की गई। जांच के उपरांत सीएसआर फंड से आर्थिक सहायता प्रदान कर बैंक ऋण का पूर्ण भुगतान कराया गया तथा अंशिका की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए कक्षा 12वीं तक की फीस अग्रिम रूप से जमा कराई गई।

इसके अतिरिक्त शांति राणा को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि परिवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा लाभों एवं अन्य सहायता से आच्छादित किया जाए, ताकि भविष्य में परिवार को स्थायी आजीविका के साधन उपलब्ध हो सकें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित परिवारों को संकट की घड़ी में हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *