देहरादून ,
राजधानी देहरादून में 8 और 9 दिसंबर 2023 को आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के तहत हुए एमओयू और उनके क्रियान्वयन (ग्राउंडिंग) की प्रगति को लेकर मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए एमओयू की वर्तमान स्थिति, जमीनी प्रगति, सामने आ रही बाधाओं और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान कुल 3 लाख 57 हजार 693 करोड़ रुपये के 1,779 एमओयू किए गए थे। इनमें से अब तक 1 लाख 6 हजार 953 करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंडिंग हो चुकी है, यानी निवेश वास्तविक रूप से धरातल पर उतर चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे उत्तराखंड के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह प्रगति राज्य में निवेशकों के बढ़ते भरोसे, बेहतर कानून-व्यवस्था, सुशासन और उद्योग-अनुकूल वातावरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों और प्रशासनिक स्थिरता के कारण निवेशकों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन एमओयू की ग्राउंडिंग अभी लंबित है, उनमें आ रही बाधाओं की पहचान कर तेजी से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस सकारात्मक रुझान को और आगे बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जिनका उपयोग राज्यहित, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के लिए किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस सिर्फ एमओयू साइन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश को जमीन पर उतारना और समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।