देहरादून ,
विश्व कैंसर दिवस (4 फरवरी) के उपलक्ष्य में रविवार, 1 फरवरी 2026 को उत्तराखंड सब एरिया के तत्वावधान में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग एवं मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से कैंसर जागरूकता हेतु वॉकाथॉन एवं ‘रन फॉर कैंसर अवेयरनेस’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन ब्रिगेडियर प्रफुल मोहन, कमांडेंट, मिलिट्री हॉस्पिटल एवं डॉ. पंकज गर्ग, विभागाध्यक्ष, ऑन्कोलॉजी विभाग, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
250 से अधिक प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी
इस आयोजन में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें सशस्त्र बलों के जवान, उनके परिजन, मिलिट्री हॉस्पिटल के चिकित्सा व नर्सिंग अधिकारी तथा श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के एमबीबीएस छात्र शामिल रहे। बड़ी संख्या में सहभागिता ने कैंसर जागरूकता और रोकथाम के प्रति समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाया।
जागरूकता और समय पर पहचान पर जोर
यह रन एक जनस्वास्थ्य ऑन्कोलॉजी पहल के रूप में आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रोकथाम और समय पर पहचान (Early Diagnosis) के महत्व को रेखांकित करना तथा लोगों को समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना था, ताकि समाज में कैंसर के समग्र बोझ को कम किया जा सके।
विशेषज्ञों ने दूर किए कैंसर से जुड़े मिथक
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कनिका कपूर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कैंसर से जुड़े आम मिथकों को दूर किया और रोकथाम, पहचान व उपचार से जुड़े वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित तथ्यों की जानकारी दी।
रन के विजेता
-
पुरुष वर्ग: अग्निवीर लक्ष्य कुमार (10 डोगरा रेजीमेंट) – प्रथम स्थान
-
महिला वर्ग: श्रीमती कांती देवी, पत्नी सूबेदार मेजर सबल सिंह (501 इंजीनियर रेजीमेंट) – प्रथम स्थान
-
छात्र वर्ग: भव्यलीन, एमबीबीएस छात्र, एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, देहरादून – प्रथम स्थान
आयोजन में अहम भूमिका
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. कनिका कपूर, डॉ. पल्लवी कौल (कैंसर सर्जन), श्री महंत इंदिरेश अस्पताल तथा कर्नल ए.डब्ल्यू. काशिफ और लेफ्टिनेंट कर्नल आलोक गुप्ता, मिलिट्री हॉस्पिटल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन एनबी/सब बीएस देशवाल द्वारा किया गया।
स्वयंसेवकों के रूप में डॉ. रचित आहूजा, डॉ. अजीत तिवारी, डॉ. दिव्या, डॉ. तेजा, डॉ. शाहनवाज़, डॉ. प्रिया, श्री संतोष, सुश्री अल्का, सुश्री शिवानी एवं सुश्री ऋतिका का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
चेयरमेन ने की पहल की सराहना
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चेयरमेन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने इस जनजागरूकता पहल की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर देखभाल को सुदृढ़ करने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।