शरदीय कांवड़ मेला व महाशिवरात्रि को लेकर सीमा समन्वय बैठक आयोजित, सुरक्षा व यातायात प्रबंधन पर बनी सहमति

हरिद्वार।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर आगामी शरदीय कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत शुक्रवार 31 जनवरी 2026 को थाना श्यामपुर क्षेत्र स्थित होटल पिनाका में उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश सीमा समन्वय (बार्डर मीटिंग) का आयोजन किया गया।

बैठक में हरिद्वार से एसपी सिटी, सीओ सिटी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, एसओ श्यामपुर तथा जनपद बिजनौर से एसपी सिटी, सीओ नजीबाबाद और एसएचओ मंडावली ने प्रतिभाग किया।

गोष्ठी के दौरान 02 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक प्रस्तावित शरदीय कांवड़ मेला एवं 15 फरवरी 2026 को मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कांवड़ियों व श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुचारु आवागमन को सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने, सूचनाओं के त्वरित आदान–प्रदान तथा दोनों जनपदों के बीच यातायात प्लान साझा करने पर सहमति बनी।

इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग व्यवस्था लागू करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और आवश्यक पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्णय लिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि मेला अवधि के दौरान कानून–व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात को भी सुचारु रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *