एसजीआरआरयू सहित एसजीआरआर संस्थानों में गणतंत्र दिवस की धूम

श्री दरबार साहिब एवं एसजीआरआर विश्वविद्यालय में आन-बान-शान से फहराया गया तिरंगा, एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में गीतों से जगी राष्ट्रभक्ति

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) सहित एसजीआरआर समूह के समस्त संस्थानों में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति, राष्ट्रगौरव एवं भारतीय संविधान के प्रति आस्था के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, एसजीआरआर विश्वविद्यालय एवं समूह के अन्य शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान, आन-बान और शान के साथ फहराया गया।

श्री दरबार साहिब परिसर में सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने प्रातः 9 बजे तिरंगा फहराकर देश एवं प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा भारतीय मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अनुशासित परेड की सलामी ली। एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस कंटिनजेंट एवं विश्वविद्यालय के 11 संघटक स्कूलों के छात्र-छात्राओं की सुसंगठित परेड ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा को समझने और राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने का दिवस है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट योगदान के लिए एनसीसी सीनियर अंडर ऑफिसर आकृति रावत, अंडर ऑफिसर निधि सोग्रवाल, अंडर ऑफिसर आदित्य पटवाल एवं सार्जेंट प्रियंका को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने शिक्षण संस्थानों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए सभी को सकारात्मक सहभागिता का संकल्प दिलाया। वहीं एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों में देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की गई।

समारोह में विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, शिक्षकगण, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *