ठंड में कोई भी असहाय न रहे—जिलाधिकारी सविन बंसल ने रैन बसेरों व अलाव व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण

देहरादून।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने देर सांय देहरादून शहर के विभिन्न चौक–चौराहों पर अलाव व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया तथा रैन बसेरों में रह रहे असहाय एवं जरूरतमंद लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं तहसील प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति असुविधा का शिकार न हो। इसके लिए सभी चौक–चौराहों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा इसकी दैनिक सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा असहाय, निराश्रित एवं बेघर लोगों की सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ठंड और बारिश के दौरान रैन बसेरों में रह रहे लोगों को पर्याप्त कंबल, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को रैन बसेरों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी व्यक्ति को ठंड से प्रभावित न होना पड़े।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरी एवं डीडीएमओ ऋषभ कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *