गृह मंत्री अमित शाह का आज और कल उत्तराखंड दौरा, हरिद्वार में दो दिन ट्रैफिक डायवर्जन लागू

हरिद्वार ,

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज और कल (21 व 22 जनवरी) उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने हरिद्वार शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दौरान दो दिन तक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा और शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

गृह मंत्री के पतंजलि योगपीठ फेज-2, पतंजलि योगपीठ फेज-1, गायत्री योगपीठ शांतिकुंज, शताब्दी समारोह स्थल बैरागी कैंप और गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड तक आगमन को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन के अनुसार 21 और 22 जनवरी को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

इन मार्गों से डायवर्ट होगा यातायात

– दिल्ली की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन नगला इमरती से लक्सर होते हुए हरिद्वार भेजे जाएंगे।
– नजीबाबाद से हरिद्वार होकर देहरादून जाने वाले हल्के वाहन चीला मार्ग से जाएंगे।
– दिल्ली से देहरादून जाने वाला यातायात रुड़की–मोहंड मार्ग से डायवर्ट रहेगा।
– ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाले वाहन नेपाली तिराहे से देहरादून–मोहंड होते हुए जाएंगे।
– सहारनपुर, भगवानपुर और धनौरी की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन बीएचईएल तिराहे से शिवालिक नगर–मध्य मार्ग से प्रवेश करेंगे।
– हरिद्वार से नजीबाबाद और बिजनौर की ओर जाने वाले वाहनों को सिंहद्वार–लक्सर–बालावाली मार्ग से भेजा जाएगा।
– बाहरी जनपदों से आने वाले भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।

यहां रहेगी नो-एंट्री

– शहर के भीतर भारी वाहनों की नो-एंट्री जगजीतपुर पुलिस चौकी, श्यामपुर कांगड़ी, राजा बिस्कुट, सलेमपुर पिकेट और कोर कॉलेज रुड़की क्षेत्र में लागू रहेगी।
– देहरादून जनपद से समन्वय कर लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहे पर भी भारी वाहनों को रोका जाएगा।

प्रशासन ने आम नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। वीवीआईपी सुरक्षा और कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस बल को भी अलर्ट पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *