लोकहित में जिला प्रशासन का बड़ा फैसला: संडे बाजार शिफ्ट, रेंजर्स ग्राउंड में लगेगा नहीं

देहरादून।
शहर में लगातार बढ़ते यातायात जाम और आमजन को हो रही असुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने रविवार साप्ताहिक बाजार (संडे बाजार) को स्थानांतरित करने का बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर लैंसडाउन चौक के समीप रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाले संडे बाजार के संचालन पर रोक लगा दी गई है।

अब यह संडे बाजार आईएसबीटी, देहरादून के समीप उत्तराखंड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड की भूमि पर संचालित किया जाएगा। यह भूमि वर्तमान में खाली है और एमडीडीए के नियंत्रण में है।

जिला प्रशासन के अनुसार, रेंजर्स ग्राउंड में प्रत्येक रविवार बाजार लगने के कारण लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक और आसपास के क्षेत्रों में गंभीर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इससे बुजुर्गों, बच्चों, रोगियों तथा एम्बुलेंस व अन्य आकस्मिक सेवाओं के आवागमन में भारी बाधा आ रही थी।

रेंजर्स ग्राउंड के समीप दून अस्पताल, प्रमुख मार्ग, तिराहे-चौराहे और कई सरकारी कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में रविवार बाजार के कारण उत्पन्न यातायात अवरोध का सीधा असर आवश्यक सेवाओं और मरीजों पर पड़ रहा था।

रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति द्वारा भी बाजार को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया था। इस संबंध में आयोजित बैठक में विचार-विमर्श के बाद जिलाधिकारी ने लोकहित में यह निर्णय लिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब रविवार साप्ताहिक बाजार का संचालन आईएसबीटी के समीप मेट्रो परियोजना हेतु लीज पर हस्तांतरित भूमि पर अगले आदेशों तक किया जाएगा। इस निर्णय से शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु होने और आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है।

One thought on “लोकहित में जिला प्रशासन का बड़ा फैसला: संडे बाजार शिफ्ट, रेंजर्स ग्राउंड में लगेगा नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *