देहरादून,
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की यातायात और अवसंरचना व्यवस्था को सुधारने के लिए कई अहम निर्णय लिए। बैठक में आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण, पार्किंग व्यवस्था और प्रमुख जंक्शनों के सुधार पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने निरंजनपुर मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए एमडीडीए को नई जगह तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए 20 जनवरी तक शासनादेश जारी किया जाए। लोक निर्माण विभाग को भी शहर के छह प्रमुख जंक्शनों के सुधार कार्यों हेतु 15 जनवरी तक शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने शहर के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में निर्मित पार्किंग स्थलों का शत-प्रतिशत उपयोग न होने पर चिंता जताई। मुख्य सचिव ने उपलब्ध पार्किंग स्थलों के पूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और नगर निगम द्वारा लागू ऑन-रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों पर भी लागू करने की बात कही, ताकि लोग सड़कों पर वाहन खड़ा करने के बजाय पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।
परिवहन विभाग को दिसंबर माह में एसपीवी (स्पेशल पर्पज व्हीकल) का पंजीकरण कराने तथा जनवरी में इसकी पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आशारोड़ी में सीज किए गए वाहनों के लिए तैयार की जा रही पार्किंग को शीघ्र शुरू करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने उम्टा (UMTA) द्वारा तैयार मोबिलिटी प्लान के तहत चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराने के निर्देश दिए। उपयुक्त पाए जाने पर इन स्थलों को विकसित किया जाएगा। इसके अलावा परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए शीघ्र फीजिबिलिटी स्टडी कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में शहर में खंभों पर लटके बिना अनुमति के अवैध तारों को जल्द हटाने के निर्देश दिए गए। जहां-जहां अंडरग्राउंड विद्युत केबल का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव अहमद इकबाल, विनीत कुमार, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, एसपी देहरादून अजय सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।