हरिद्वार ,
थाना बहादराबाद, कोतवाली रानीपुर एवं सीआईयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में पिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मृतक के बेटे ने ही दोस्तों के साथ मिलकर अपने पिता भगवान सिंह (रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी) की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी बेटे ने प्रॉपर्टी हड़पने के लिए यह कदम उठाया था।
पिता की करोड़ों की संपत्ति पर थी बेटे की नजर
मृतक के पास करोड़ों की संपत्ति थी। बेटे यशपाल की गलत आदतों और संगत को देखते हुए पिता ने उसकी किसी भी संपत्ति को उसके नाम करने से मना कर दिया था, साथ ही बेदखल करने की चेतावनी भी दी थी। इससे नाराज होकर बेटा पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाने लगा।
दोस्त की शादी का बहाना बनाकर ले गया था पिता को
29 नवंबर 2025 को आरोपी बेटे ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी कार में लिफ्ट ली और उसके पिता को गोली मार दी।
लेकिन पुलिस की पूछताछ में बेटे के बयान बार-बार बदलते रहे। शक गहराया और आखिरकार उसने सच उगल दिया।
₹30 लाख और एक स्कॉर्पियो में दी थी हत्या की सुपारी
यशपाल ने अपने दो दोस्तों ललित मोहन उर्फ राजन और शेखर को पिता की हत्या के बदले ₹30 लाख व एक स्कॉर्पियो देने का वादा किया था।
तीनों ने मिलकर पूरी प्लानिंग की और घटना से पहले दोपहर में नहर पटरी पर रेकी भी की।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
- रात लगभग 8 बजे यशपाल अपने पिता को रोशनाबाद में एक झूठी शादी में जाने का बहाना बना कर लेकर निकला।
- जटवाड़ा पुल से आगे डैम के पास उसके दोनों साथी पहले से मौजूद थे।
- यशपाल ने कार रुकवाई और खुद ड्राइविंग सीट पर आ गया।
- उसने राजन को दोस्त बताकर कार में बैठाया।
- मौका देखते ही राजन ने 315 बोर के तमंचे से भगवान सिंह की कनपटी पर दो गोलियां दाग दीं।
- हत्या के बाद राजन मौके से फरार हो गया और यशपाल ने कुछ समय बाद पुलिस को झूठी सूचना दी।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
तीन घंटे की पूछताछ में यशपाल टूट गया और पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों —
- यशपाल पुत्र भगवान सिंह (21 वर्ष)
- राजन उर्फ ललित मोहन पुत्र सुरेश गिरी
- शेखर पुत्र ऋषिपाल सिंह
को गिरफ्तार कर लिया।
राजन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, और घटना के समय पहने कपड़े, जैकेट व जूते बरामद किए गए।
बरामद माल
- 01 तमंचा 315 बोर
- 01 खोखा कारतूस
- घटना में प्रयुक्त जैकेट व जूते