रजत जयंती परेड की तैयारियां तेज़: डीएम सविन बंसल और एसएसपी ने पुलिस लाइन में ली व्यवस्थाओं की समीक्षा

राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में
देहरादून ,

देहरादून में राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन, रेसकोर्स पहुंचकर 8 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम और पुलिस रैतिक परेड की तैयारियों का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और अतिथियों के स्वागत से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस समारोह को भव्य, आकर्षक और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

डीएम बंसल ने विशेष रूप से स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल की ड्यूटी, परेड रिहर्सल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना दिवस पर पुलिस लाइन में एक आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य पुलिस की विभिन्न इकाइयों के जवान भाग लेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *