उत्तराखंड में पीएमश्री योजना की तर्ज पर स्कूलों के आधुनिकीकरण की योजना : मुख्य सचिव – uttarakhandawaaz.in

उत्तराखंड में पीएमश्री योजना की तर्ज पर स्कूलों के आधुनिकीकरण की योजना : मुख्य सचिव

देहरादून,

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में पीएमश्री और लखपति दीदी योजना की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी पीएमश्री योजना की तर्ज पर स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए विशेष योजना संचालित की जाए।

मुख्य सचिव ने बताया कि पीएमश्री योजना के तहत स्कूलों को 5 वर्षों तक प्रत्येक वर्ष 40-40 लाख रुपये (कुल 2 करोड़ रुपये) की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। इस धनराशि से स्कूलों में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में भी इसी तर्ज पर योजना संचालित की जाए ताकि सरकारी स्कूलों में बच्चों के पठन-पाठन के लिए आधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ सके। योजना की शुरुआत क्लस्टर विद्यालयों से करने का सुझाव भी दिया गया।

समीक्षा में लखपति दीदी योजना पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि योजना को और अधिक कारगर बनाया जाए, स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के उत्पादों में तकनीक का अधिकतम उपयोग कर गुणवत्ता सुधारी जाए और लगातार क्षमता विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएँ। इसके अलावा, योजना की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और राज्य स्तरीय संचालन समिति तथा निगरानी समिति का गठन कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएँ।

मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, रिटेल चैन और हाऊस ऑफ़ हिमालयाज में शामिल करने पर अधिक ध्यान दिया जाए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, मेहरबान सिंह बिष्ट, झरना कामठान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

2 thoughts on “उत्तराखंड में पीएमश्री योजना की तर्ज पर स्कूलों के आधुनिकीकरण की योजना : मुख्य सचिव”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *