देहरादून ,
बुधवार को श्री गुरु नानक दून वेल स्कूल, रेस कोर्स में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को शारीरिक स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी।
डॉ. शर्मा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शरीर और मस्तिष्क दोनों का स्वस्थ होना आवश्यक है। बच्चों को भोजन करने से पहले और शौच के बाद हाथ धोने की आदत डालने के सुझाव दिए। इस अवसर पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा भी दी गई। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को भी यह दवा अवश्य खिलाएँ। जो बच्चे 8 अक्टूबर को दवा नहीं खा पाए, उन्हें 15 अक्टूबर को मॉप अप दिवस पर दी जाएगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि रावत, स्कूल की प्रधानाचार्य हरविंदर कौर बजाज, तथा आर.बी.एस.के., आर.के.एस.के. और आई.ई.सी प्रकोष्ठ की टीम मौजूद रही।
डॉ. निधि रावत ने बताया कि जिले में 01 से 19 वर्ष तक के 6,76,809 बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जा रही है, जो सरकारी/निजी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी।