सीएम धामी ने किया उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2025 का समापन, हरिद्वार एलमास बनी चैंपियन

देहरादून ,

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रायपुर में आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2025 का शानदार समापन रविवार को हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता टीम हरिद्वार एलमास को ट्रॉफी भेंट कर जीत की बधाई दी।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि खेल केवल जीतने का साधन नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीमवर्क और संघर्ष का भाव जगाने का माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि हार-जीत किसी भी प्रतियोगिता का हिस्सा है, लेकिन असली पहचान निरंतर मेहनत और खेल भावना से बनती है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की सराहना करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य में जल्द ही ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ लागू किया जाएगा, जिसके तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित की जाएंगी। हर साल 920 एथलीटों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। इसके अलावा, हल्द्वानी में पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है और खेल कोटा 4% तक बढ़ाया गया है। राज्य सरकार ‘उत्तराखंड खेल रत्न’ और ‘हिमालय खेल रत्न’ पुरस्कारों के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मानित कर रही है।

धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर उत्तराखंड ने खुद को “खेलभूमि” के रूप में स्थापित किया है। लक्ष्य है कि राज्य को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाया जाए।

सीएम ने यह भी कहा कि यह विचार का विषय है कि राज्य की प्रतिभाएं अपने ही राज्य की टीमों से क्यों नहीं खेलतीं। उन्होंने क्रिकेट एसोसिएशन से मजबूत व्यवस्था बनाने का आह्वान किया ताकि उत्तराखंड की टीम देश की शीर्ष टीमों में शामिल हो सके।

महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य की महिला टीम ने बीसीसीआई अंडर-19 चैम्पियनशिप में दो बार खिताब जीता है। राज्य की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी—राघवी बिष्ट, प्रेमा रावत और नंदनी कश्यप—भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए न्यूजीलैंड में अंतरराष्ट्रीय सीरीज में हिस्सा लेंगी।

युवाओं से सीएम धामी ने कहा, “सफलता का मूल मंत्र है—विकल्प रहित संकल्प। जो लक्ष्य तय करें, उसे पाने के लिए पूरी ताकत झोंक दें।”

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा, सांसद जगदम्बिका पाल, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *