आईपीएस श्री लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से सम्बद्ध अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयन – भारत एवं उत्तराखण्ड के लिए गौरव का क्षण

शांति स्थापना, संस्थागत अखंडता और सतत विकास के क्षेत्र में देंगे योगदान

देहरादून ,

उत्तराखण्ड कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी श्री लोकेश्वर सिंह, जो वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पौड़ी गढ़वाल के पद पर कार्यरत हैं, का चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से सम्बद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। यह चयन एक अत्यंत प्रतिस्पर्धी एवं कठोर प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसमें विश्वभर के अधिकारी शामिल हुए।

श्री लोकेश्वर सिंह 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। पिछले 11 वर्षों के दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस में अनेक महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जनपदों में सेवाएं दी हैं तथा वर्तमान में पौड़ी जिले की पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व कर रहे हैं।

अपनी नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका में वे संस्थागत अखंडता (Institutional Integrity), शांति स्थापना (Peacebuilding) और सतत विकास (Sustainable Development) जैसे वैश्विक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। उनकी नियुक्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत और विशेष रूप से उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व और प्रभाव और अधिक सशक्त होगा।

श्री लोकेश्वर सिंह शीघ्र ही पुलिस मुख्यालय एवं राज्य सरकार से आवश्यक अनुमोदन हेतु आवेदन प्रस्तुत करेंगे। अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत वे उत्तराखण्ड कैडर से कार्यमुक्त होकर इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में अपनी नई भूमिका का दायित्व ग्रहण करेंगे।

मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *