देहरादून ,
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में रविवार की शाम “नवरंग डांडिया 3.0” का भव्य आयोजन हुआ। मां दुर्गा के जयकारों और पूजा-आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
गरबा और डांडिया की थिरकन, पहाड़ी मंडाण की मधुर धुनें और बंगाली धनुची नृत्य ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। छात्र-छात्राओं व फैकल्टी सदस्यों ने पारंपरिक और आधुनिक परिधानों में रंगारंग प्रस्तुति देकर नवरात्रि उत्सव को जीवंत कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या में बंगाली, गुजराती, नवरात्रि और पहाड़ी व्यंजनों की महक ने भी आकर्षण बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट के सलाहकार प्रो. (डाॅ.) प्रथप्पन के. पिल्लई, कुलसचिव डाॅ. लोकेश गम्भीर, समन्वयक डाॅ. मालविका सती कांडपाल और काॅर्डिनेटर डाॅ. आर.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रो. प्रथप्पन ने कहा कि नवरंग डांडिया जैसे आयोजन “विविधता में एकता” का जीवंत उदाहरण हैं, जो विद्यार्थियों में ऊर्जा, उत्साह और सामाजिक जुड़ाव को प्रबल करते हैं।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी देशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
नवरंग डांडिया की रंगीन शाम में फैकल्टी और छात्रों की थिरकन, हाई वोल्टेज डीजे बीट्स, पारंपरिक नृत्य और व्यंजनों की खुशबू ने ऐसा समां बांधा कि मैदान तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
इस मौके पर विश्वविद्यालय समन्वयक डाॅ. आर.पी. सिंह, चेयरपर्सन डाॅ. मालविका कांडपाल, डाॅ. अरुण कुमार, डाॅ. प्रिया पाण्डे, ईशा शर्मा, डाॅ. गणराजन, डाॅ. मनीष शर्मा सहित सभी डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य और हजारों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।