चमोली ,
चमोली ज़िले के नंदानगर क्षेत्र में आपदा से हुए भारी नुकसान का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय व हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर दुख साझा किया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए और अधिकारियों को राहत व रेस्टोरेशन कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कुंतारी लगा फाली, कुंतारी लगा सरपाणी गांव का स्थलीय निरीक्षण किया, जबकि धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। धामी ने कहा कि आपदा प्रभावितों के साथ सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य जारी हैं।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि अब तक 12 घायलों को हेलीकॉप्टर से उच्च केंद्रों पर रेफर किया गया, जिनमें से एक को एम्स ऋषिकेश और 11 को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। आपदा में लगभग 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, 15 गौशालाएं नष्ट, 8 पशु मृत और करीब 40 पशु लापता बताए गए हैं।
प्रशासन ने राहत सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य सुविधाएं और खाद्य आपूर्ति प्रभावितों तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। वहीं प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत, पेयजल और सड़क संपर्क बहाल करने के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।