कानूनगो की लापरवाही पर डीएम का फूटा गुस्सा, 15 महीनों से बुजुर्ग को लगा रहे थे चक्कर — कई अधिकारियों पर गाज गिरना तय

देहरादून,

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनता की 194 समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इस दौरान बुजुर्गों और जरूरतमंदों से जुड़ी कई गंभीर शिकायतों पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।

बुजुर्ग को 15 माह से दौड़ा रहे थे कानूनगो

78 वर्षीय मोहनलाल काला ने बताया कि वह मसूरी और सदर तहसील क्षेत्र में भूमि विवाद व सीमांकन के लिए 15 महीनों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कानूनगो कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एसडीएम मुख्यालय को पत्रावली तलब की और ऐसे लापरवाह अधिकारियों व कार्मिकों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

यूनियन बैंक प्रबंधक पर आपराधिक कार्रवाई के निर्देश

ऋषिकेश निवासी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि उन्होंने बैंक से 50 लाख रुपये का ऋण लिया था और अब तक 55.93 लाख रुपये चुका दिए, लेकिन राष्ट्रीय लोक अदालत में सैटलमेंट होने के बावजूद यूनियन बैंक उन्हें एनओसी नहीं दे रहा और अधिकारी मानसिक दबाव बना रहे हैं। इस पर डीएम ने यूनियन बैंक के प्रबंधक के विरुद्ध आपराधिक कार्यवाही के निर्देश दिए।

जनदर्शन में उठी अन्य प्रमुख समस्याएं

  • विजय पार्क निवासी असहाय बुजुर्ग दंपत्ति को डीएम ने मौके पर ही आर्थिक सहायता स्वीकृत की।

  • जल निगम अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर डीएम ने उनका वेतन रोकने के आदेश दिए।

  • मिसराज पट्टी नूनियास तक क्षतिग्रस्त कच्चे मोटर मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश।

  • दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों, रास्तों, पुलिया व पेयजल स्रोतों की तत्काल जांच व मुआवजा प्रस्ताव भेजने के निर्देश।

  • रायपुर सरूणा-सुवाखोली मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल कर चौड़ीकरण की मांग पर संज्ञान।

  • ईस्ट होप टाउन ग्राम चायबाग में जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश।

  • नगर निगम भूमि पर अवैध कब्जों पर कार्रवाई में देरी पर डीएम ने एमएनए से रिपोर्ट तलब की।

  • बिना पानी का कनेक्शन होने पर भी बिल वसूली की शिकायत पर जांच के निर्देश।

  • गौरा देवी योजना और प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना से जुड़ी शिकायतों पर भी तत्काल जांच व कार्रवाई के आदेश दिए।

डीएम का सख्त संदेश

डीएम सविन बंसल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता पर समाधान सुनिश्चित करें, अन्यथा लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा, एसडीएम स्मृता परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

— जिला सूचना अधिकारी, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *