मुख्यमंत्री धामी ने किया दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण

देहरादून ,

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार संध्या को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन विभिन्न मरीजों व उनके परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं व अनुभव सुने और चिकित्सा सेवाओं की स्थिति को समझा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


तीमारदारों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर के वेटिंग एरिया (प्रतीक्षालय) का निरीक्षण करते हुए कहा कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को भी पेयजल, पंखे व बैठने की पर्याप्त व सुव्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि तीमारदार भी अस्पताल व्यवस्था का अहम हिस्सा होते हैं, इसलिए उन्हें मानसिक रूप से सहज वातावरण मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन एवं रंग-रोगन की व्यवस्था तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल न केवल उपचार स्थल है बल्कि यह रोगियों और उनके परिजनों को मानसिक संबल देने का स्थान भी है, इसलिए इसकी स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और सुव्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।


ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर व हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण

मुख्यमंत्री धामी ने ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर पहुंचकर वहां कार्यरत ऑपरेटर से सैंपल संग्रहण, रिकॉर्डिंग और टेस्टिंग प्रक्रिया की जानकारी ली तथा सेंटर की कार्यकुशलता की सराहना की।

इसके साथ ही उन्होंने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने वहां तैनात कर्मचारियों से कार्ड बनाने, क्लेम प्रक्रिया, लाभार्थियों को दी जा रही सहायता व सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर उपस्थित लाभार्थियों से उनके अनुभव भी जाने।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अटल आयुष्मान योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और हेल्प डेस्क पर आने वाले हर व्यक्ति को सरल, स्पष्ट व त्वरित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।


स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में आमजन को बेहतर व पारदर्शी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है।
उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव बंशीधर तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारीगण तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *