विभाग और विद्यालयों के बीच सेतु बनेंगे बीआरपी-सीआरपी : शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की हुई शुरुआत, डीबीटी से छात्रों को मिली गणवेश धनराशि

देहरादून ,

उत्तराखंड में समग्र शिक्षा परियोजना के तहत ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (BRP) और क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (CRP) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। राज्य के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एससीईआरटी सभागार में आयोजित बीआरपी-सीआरपी अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि बीआरपी और सीआरपी विद्यालयों और शिक्षा विभाग के बीच सेतु का कार्य करेंगे और शिक्षा को रोचक व गुणवत्तापूर्ण बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समग्र शिक्षा के अंतर्गत लंबे समय से रिक्त पड़े 955 पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती की गई है।

रावत ने बताया कि शुरुआत में इन पदों पर चयन रैंडमाइजेशन प्रक्रिया से किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन इससे कम अंक वाले अभ्यर्थियों के चयन की संभावना थी। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने कैबिनेट की अनुमति के बाद नियम संशोधन कर चयन प्रक्रिया को पूरी तरह मेरिट आधारित बना दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में समय जरूर लगा, लेकिन विभाग को श्रेष्ठ और योग्य अभ्यर्थी मिले हैं।

प्रशिक्षण के पहले दिन एससीईआरटी निदेशक वंदना गर्ब्याल ने नवचयनित बीआरपी को स्कूली शिक्षा के विभिन्न क्रियाकलापों की जानकारी दी, जबकि एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला ने बताया कि बीआरपी का दायित्व स्कूल, शिक्षक और छात्रों को अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करना है।
कार्यशाला को अपर निदेशक एससीईआरटी पदमेन्द्र सकलानी, उप परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अजीत भण्डारी और बी.पी. मंदोली ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में आउटसोर्स एजेंसी अलंकित के स्टेट हेड मोहर सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


डीबीटी से छात्रों को गणवेश की धनराशि

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने प्रदेशभर के 5,16,569 छात्र-छात्राओं को गणवेश की धनराशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से उनके खातों में ट्रांसफर की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और छात्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
निःशुल्क गणवेश योजना से जहां अभिभावकों का आर्थिक बोझ कम होगा, वहीं बच्चों को शिक्षा के प्रति भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *