देहरादून एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा, पीएम मोदी आज करेंगे आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण

देहरादून ,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए जौलीग्रांट एयरपोर्ट (देहरादून एयरपोर्ट) को सुरक्षा एजेंसियों ने छावनी में तब्दील कर दिया है। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों का कड़ा पहरा तैनात कर दिया गया है। हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी आज शाम करीब 4:15 बजे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे एमआई-17 हेलिकॉप्टर से प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। सर्वेक्षण पूरा कर पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से वापस देहरादून लौटेंगे और एयरपोर्ट परिसर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हाई लेवल बैठक करेंगे। इसके बाद वे करीब 7 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने एयरपोर्ट पहुंचकर सभी तैयारियों की समीक्षा की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने ब्रीफिंग और रिहर्सल की। इस दौरान एयरपोर्ट पर एडीजी वी. मुरूगेशन, एडीजी इंटेलिजेंस ए.पी. अंशुमन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईपीएस श्वेता चौबे, एसपी मंजूनाथ टीसी, एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी और आईपीएस विशाखा भदाणे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा ऊर्जा निगम, दूरसंचार, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने भी एयरपोर्ट परिसर और आसपास अपने कार्यों को दुरुस्त किया है, ताकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में किसी तरह की बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *