मुख्यमंत्री ने किया आधुनिक लॉन्ग रेंज सायरनों का लोकार्पण, आपदा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री ने किया आधुनिक लॉन्ग रेंज सायरनों का लोकार्पण, आपदा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती

देहरादून ,

उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में शनिवार को एक अहम पहल की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थाना डालनवाला, देहरादून में स्थापित 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संभावित राज्य है, जहां भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं समय-समय पर चुनौती पेश करती हैं। ऐसे में समय रहते चेतावनी मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 8 और 16 किलोमीटर तक रेंज वाले ये अत्याधुनिक सायरन नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इन सायरनों की मदद से न केवल आपदा की पूर्व चेतावनी दी जा सकेगी, बल्कि राहत एवं बचाव कार्य भी अधिक प्रभावी तरीके से संचालित होंगे। ये भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में लोगों को जागरूक करने में सहायक होंगे।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सायरन प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और जनता को इसके उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डालनवाला थाने में स्थापित बाल थाने का निरीक्षण भी किया। साथ ही सेवानिवृत्त पुलिस कार्मिकों, उत्तराखंड पीसीएस एसोसिएशन और पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक भेंट किए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, पुलिस महानिदेशक, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी, जिलाधिकारी देहरादून सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *