देहरादून,
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार से मिला और प्रदेश के 196 चिकित्सकों को स्पेशल ड्यूटी अलाउंस फॉर क्रिटिकल पोजीशन (SDACP) का लाभ दिए जाने पर आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव डॉ. रमेश कुँवर, डॉ. तुहिन और डॉ. यशपाल सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
संघ अध्यक्ष मनोज वर्मा और महासचिव रमेश कुँवर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान है और प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर भी धन्यवाद प्रकट करेंगे।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सचिव के समक्ष अन्य मांगें भी रखीं, जिनमें –
-
पर्वतीय क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों को कठिन परिस्थितियों को देखते हुए 50% अतिरिक्त भत्ता लागू करना,
-
सुगम और दुर्गम क्षेत्रों का उचित निर्धारण,
-
पदोन्नति के लिए नियमित विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठकें आयोजित करना,
-
अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा हेतु स्थायी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती शामिल रही।
संघ ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश का स्वास्थ्य तंत्र अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों को विशेष सहयोग देना और उनकी सुरक्षा व पदोन्नति संबंधी मुद्दों का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।