सेंट्रल इंटेलिजेंस यूनिट की कार्रवाई, फर्म ने मौके पर 45 लाख रुपये जमा किए
देहरादून,
देहरादून की एक नामी ज्वेलरी फर्म पर राज्य कर विभाग की सेंट्रल इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी का खुलासा किया है। जांच में पाया गया कि फर्म आभूषणों की बिक्री ग्राहकों को कैश में कर रही थी, लेकिन रिटर्न में इन्हें दिखाने की बजाय माल की आपूर्ति अपने ही दूसरे प्रतिष्ठान को दर्शा रही थी।
आयुक्त राज्य कर सोनिका के निर्देश पर की गई जांच में यह भी सामने आया कि एक ही स्थान से दो ज्वेलरी प्रतिष्ठान संचालित हो रहे थे और दोनों के निदेशक समान थे। फर्जी आपूर्ति दिखाकर फर्म न केवल इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ ले रही थी बल्कि माल की वापसी भी छिपा रही थी।
गड़बड़ी की पुष्टि होते ही 15 अधिकारियों की टीम ने प्रतिष्ठान पर छापा मारा। इस दौरान आय-व्यय के रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरण और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। कर चोरी के सबूत मिलने के बाद संचालकों ने तत्काल प्रभाव से 45 लाख रुपये जमा कराए।
अधिकारियों के अनुसार फर्म में बड़े पैमाने पर कैश में आभूषणों की बिक्री की जा रही थी जिसे घोषित नहीं किया गया था। जब्त किए गए दस्तावेजों का अब विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। अनुमान है कि कर चोरी का आंकड़ा 15 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकता है, जिसकी वसूली कर, ब्याज और अर्थदंड सहित की जाएगी।