देहरादून,
उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल के विस्तार की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में राज्य संपत्ति विभाग ने देहरादून स्थित कैबिनेट मंत्री स्तर के तीन सरकारी आवास खाली कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार—
-
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आवास खाली करना था।
-
दिवंगत मंत्री चंदन रामदास, जिनका अप्रैल 2023 में निधन हो गया था, को आवंटित यमुना कॉलोनी का आवास अब तक विभाग को वापस नहीं मिला।
-
वहीं, एक आवास सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी को मिला हुआ है, जिन्हें भी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है।
राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्था अधिकारी रविंद्र पांडेय ने नोटिस जारी किए हैं, जबकि सचिव राज्य संपत्ति रणवीर सिंह चौहान ने इसकी पुष्टि की। इस बीच, विभाग के अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने विधानसभा पहुंचकर मंत्रियों के रिक्त कार्यालयों और चल रहे दफ्तरों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी कार्यालयों की साफ-सफाई के निर्देश भी दिए, ताकि नए मंत्रियों को कार्यालय आवंटन में कोई बाधा न हो।
राजनीतिक हलकों में इसे सीधे-सीधे धामी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियों से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही इसके संकेत दे चुके हैं। माना जा रहा है कि मंत्री आवास और वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के पीछे भी इसी विस्तार की तैयारी है।