देहरादून ,
उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर पूरे भारत में साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके मास्टरमाइंड को छत्तीसगढ़ के भिलाई से गिरफ्तार किया है। आरोपी हर विलास नन्दी, जो कभी दुबई में रहा था और फिलीपींस से ऑपरेट हो रहे बैंक खातों का उपयोग करता था, अब उत्तराखंड पुलिस की गिरफ्त में है।
मामले की शुरुआत: रिटायर्ड सैन्य अधिकारी से ठगी
2024 में सेना चिकित्सा कोर से सेवानिवृत्त एक सुबेदार मेजर ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने फेसबुक पर एक ट्रेडिंग ऐप देखकर APOLLO INDIA PRIVATE EQUTTY (IV) (MAURITIUS) LTD नामक एक विदेशी निवेश कंपनी में 34.17 लाख रुपये निवेश किए। कंपनी से जुड़ी कथित महिला जसलीन कौर और जॉन पीटर हुसैन नामक शख्स ने निवेश को वैध और लाभदायक बताकर रकम डलवायी थी, जो बाद में साइबर ठगी निकली।
दुर्ग से दंतेवाड़ा तक मास्टरमाइंड की तलाश
जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड हर विलास नन्दी, निवासी फौजीनगर, भिलाई, दुर्ग, छत्तीसगढ़ है, जिसकी फेसबुक और ईमेल ID दुबई में बनी थी, और बैंक खाता फिलीपींस से ऑपरेट हो रहा था। पुलिस को भनक लगते ही आरोपी नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा में जाकर छिप गया। लेकिन जैसे ही वह सामान्य हालात देखकर बाहर आया, छत्तीसगढ़ में घात लगाकर बैठी उत्तराखंड पुलिस ने उसे दबोच लिया।
चौंकाने वाले खुलासे
-
केवल एक महीने में 3.46 करोड़ रुपये का लेन-देन आरोपी के खाते से हुआ।
-
आरोपी के कब्जे से UAE, ओमान और अमेरिका की विदेशी मुद्रा, UAE का रेजिडेंशियल कार्ड, एक आधार कार्ड, पेन कार्ड, एटीएम कार्ड और एक VIVO मोबाइल फोन बरामद हुआ।
-
गृह मंत्रालय के NCRP पोर्टल पर उसके खाते के खिलाफ 37 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं।
-
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह दुबई में 10 साल तक रहा और फिलहाल भिलाई की एक स्टील फैक्ट्री में सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहा था।
-
वह मजदूरों को लालच देकर उनके बैंक खाते खरीदकर उनका इस्तेमाल ठगी में करता था।
अगले खुलासों की उम्मीद
एसटीएफ के अनुसार, यह एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा है, जिसमें कई विदेशी लिंक और खातों का इस्तेमाल हो रहा था। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
-
नाम: हर विलास नन्दी
-
पिता का नाम: विकास नन्दी
-
पता: फौजीनगर, औद्योगिक क्षेत्र, भिलाई, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़
-
उम्र: 35 वर्ष
-
मोबाइल नंबर: 9407781765
उत्तराखंड एसटीएफ की यह कार्रवाई न केवल राज्य के लिए बल्कि पूरे देश के साइबर ठगी मामलों के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।