उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता पर सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री धामी ने UCC को बताया सामाजिक समरसता की दिशा में ऐतिहासिक कदम

 26 नवंबर अब संविधान दिवस के रूप में बनेगा राष्ट्रीय पर्व – प्रधानमंत्री मोदी 

देहरादून, 28 जुलाई।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित सम्मान समारोह में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर राज्य की जनता और विधायकों को धन्यवाद दिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि UCC का लागू होना न केवल सामाजिक समानता की दिशा में एक निर्णायक कदम है, बल्कि यह बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि भी है।

“UCC ने समाज में भेदभाव समाप्त करने का कार्य किया”

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने के बाद राज्य के सभी नागरिकों के अधिकार समान हो गए हैं और यह कानून समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने में सहायक सिद्ध हुआ है।

उन्होंने विशेष तौर पर महिलाओं के अधिकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि UCC में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित की गई है, खासतौर से लिव-इन रिलेशनशिप के पंजीकरण को अनिवार्य बनाने का निर्णय महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।


“उत्तराखंड से निकली UCC की गंगा पूरे देश में बहेगी”

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “समान नागरिक संहिता की यह *गंगा उत्तराखंड से निकलकर पूरे भारतवर्ष को सामाजिक न्याय और समरसता की राह दिखाएगी।” उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा हमेशा राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता पर आधारित रही है, और UCC इसी विचारधारा की मजबूत अभिव्यक्ति है।


26 नवंबर को अब संविधान दिवस के रूप में मनाएगा राष्ट्र: CM

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह निर्णय लिया है कि 26 नवंबर को “संविधान दिवस” के रूप में राष्ट्रीय पर्व की तरह मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को “पंच तीर्थ” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे राष्ट्र की संवैधानिक चेतना और अधिक सुदृढ़ हो।


“राज्य की डेमोग्राफी में बदलाव नहीं होने देंगे”

धामी ने सख्त लहजे में कहा कि राज्य सरकार ने दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून और ऑपरेशन कालनेमि जैसे कठोर लेकिन जरूरी फैसले लिए हैं ताकि राज्य की डेमोग्राफिक संरचना को किसी भी हाल में बिगड़ने से रोका जा सके।


समारोह में शामिल रहे कई प्रमुख व्यक्ति

सम्मान समारोह में पूर्व राज्यपाल व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, साध्वी रेणुका, स्वामी निरंजन चैतन्य महाराज, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, विधायक सुरेश गड़िया और यूपी के विधायक बंबा लाल दिवाकर समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *