यू०पी०एच०सी रीठामंडी का औचक निरीक्षण: सीएमओ डॉ. शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून, 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बुधवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यू०पी०एच०सी) रीठामंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण में यह पाया गया कि केंद्र में तैनात चिकित्सा अधिकारी बिना पूर्व सूचना के अवकाश पर थे। इस पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने निर्देश दिया कि भविष्य में कोई भी चिकित्सा अधिकारी अवकाश पर जाने से पहले सीएमओ कार्यालय से लिखित अनुमति प्राप्त करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

टीकाकरण व्यवस्था पर विशेष जोर
सीएमओ ने निर्देश दिए कि टीकाकरण से पूर्व बच्चों की “ड्यू लिस्ट” तैयार की जाए, जिसमें लाभार्थी के मोबाइल नंबर सहित दिए जाने वाले टीके का विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज हो। इससे टीकाकरण की पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सकेगी।

बायो मेडिकल वेस्ट और स्वच्छता पर निर्देश
डॉ. शर्मा ने बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन के लिए कलर कोडेड डस्टबिन की नियमित निगरानी और लॉगबुक में सभी प्रविष्टियों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने केंद्र में पुरुष एवं महिला के लिए पृथक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एनयूएचएम के वित्त एवं प्रशासनिक अधिकारी वेद प्रकाश रतूड़ी, अक्षांश चित्रांश से यू०पी०एच०सी समन्वयक सरिता, परियोजना समन्वयक प्रतिभा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *