जनसंख्या स्थिरीकरण अभियान की शुरुआत, आशा कार्यकत्रियों को किया गया सम्मानित
देहरादून,
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी शताब्दी चिकित्सालय में शुक्रवार को “जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 11 जुलाई से 18 जुलाई तक चलेगा। मुख्य अतिथि राजपुर विधायक खजान दास ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विधायक खजान दास ने कहा कि परिवार नियोजन केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि समाजहित में एक जरूरी कदम है। उन्होंने कहा कि माताओं की सही उम्र में गर्भधारण और दो बच्चों के बीच उचित अंतर से न केवल मां और बच्चे का स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि समाज भी मानसिक रूप से विकसित होता है।
इस अवसर पर परिवार नियोजन में विशेष प्रयास करने वाली पांच आशा कार्यकत्रियों को पुरस्कृत किया गया। विधायक ने आशा बहनों के कार्य की सराहना करते हुए कहा, “यह उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज महिलाएं और पुरुष परिवार नियोजन के साधनों को अपना रहे हैं।”
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि जिले में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं। अस्पतालों में नसबंदी सहित परिवार नियोजन की अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पुरुष भी इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने कहा, “जनसंख्या स्थिरीकरण से प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव कम होगा और समाज व राज्य दोनों खुशहाल बन सकेंगे।”
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन ने बताया कि जिला अस्पताल में परिवार नियोजन से जुड़ी सभी सेवाएं मौजूद हैं और अभियान के दौरान अधिकतम लाभार्थियों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवार नियोजन परामर्शदाता पुष्पा उप्रेती ने स्थायी और अस्थायी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल आर्य, डॉ. महेश खेतान, डॉ. निशा सिंगला, जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद पंवार, आशा समन्वयक दिनेश चंद्र पांडे, हॉस्पिटल क्वालिटी मैनेजर आरती शर्मा, क्वालिटी एग्जीक्यूटिव काजल, आईईसी समन्वयक पूजन नेगी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
