देहरादून,
समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा मंगलवार को चैशायर होम्स, देहरादून में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विशेष रूप से शारीरिक रूप से असमर्थ एवं जरूरतमंद लोगों को प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना रहा।
इस स्वास्थ्य शिविर में अस्पताल के विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने हिस्सा लिया। उन्होंने उपस्थित मरीजों की जनरल हेल्थ चेकअप, ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल, ऑर्थोपेडिक, न्यूरोलॉजिकल और अन्य सामान्य रोगों की जांच की।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि इस शिविर के माध्यम से लगभग 60 से अधिक लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मरीजों को आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं।
अस्पताल की तरफ से चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे और समाज के उपेक्षित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाती रहेंगी।
चैशायर होम्स प्रबंधन ने श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवीय सेवा की मिसाल बताया।
