प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित
देहरादून ,
हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं एमडीडीए सचिव की सन्देहास्पद कार्यशैली के विरोध में व हटाये जाने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए सचिवालय कूच किया। यहां विभिन्न हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ता रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के पास इकटठा हुए और वहां से एमडीडीए सचिव की सन्देहास्पद कार्यशैली के विरोध में व हटाये जाने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर विभिन्न मार्गों से होते हुए सचिवालय कूच किया। इस बीच पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया तथा इस दौरान प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच तीखी नोंकझोंक, धक्का मुक्की के बाद सभी वहीं धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर बजरग दल के विकास वर्मा ने कहा है कि पूर्व में भी प्रांत स्तर पर एमडीडीए सचिव का पुतला फूंका गया था तथा यह तय किया गया था की यदि सचिव मोहन सिंह बर्निया को एमडीडीए से हटाया नहीं जाता तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जायेगा, लेकिन आज तक भी बर्निया को हटाया नहीं गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए जिससे ऐसे अधिकारी को तत्काल प्रभाव से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस अवसर पर संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।