देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं और कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों के दायित्व स्पष्ट हों और प्रत्येक स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का सुचारु एवं सफल आयोजन सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
