गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने जताई नाराजगी, लापरवाही पर अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
देहरादून ,
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत पूरा नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। गुरुवार को कैंप कार्यालय में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शेष कार्य 16 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्ति के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
95 प्रतिशत कार्य पूरा, शेष सड़कों पर मरम्मत जारी
बैठक में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। हाल के दिनों में हुई भारी बारिश के कारण सड़क मरम्मत और डामरीकरण के लिए आवश्यक तापमान अनुकूल नहीं मिलने से कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद शेष सड़कों पर मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और इसे 16 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करें कार्य
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्ति के कार्यों में तेजी लाई जाए।
उन्होंने सभी निर्माणदायी संस्थाओं को अपने अधीनस्थ सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करने तथा मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डीजीएम सरिता बुदियाल, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता एमपीएस रावत, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता एमके मित्तल, अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव, ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक मनजीत देशवाल, राष्ट्रीय राजमार्ग के नोडल अधिकारी सुरेश तोमर, आरडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता विनीत कुरेल और बीआरओ के सहायक अधिशासी अभियंता योगम्बर सिंह रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
