केदारनाथ रोपवे परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, टावरों की नींव का काम शुरू करने पर जोर – uttarakhandawaaz.in

केदारनाथ रोपवे परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, टावरों की नींव का काम शुरू करने पर जोर

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के बोर्ड की बैठक, गौरीकुंड और सोनप्रयाग में पार्किंग व जनसुविधाओं की योजना बनाने के निर्देश

देहरादून ,

 मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) के अंतर्गत उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के निदेशक मंडल (Board of Directors) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इस दौरान केदारनाथ रोपवे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

वन स्वीकृति और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने परियोजना से संबंधित वन स्वीकृति के प्रस्तावों को संबंधित पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही, चिह्नित प्रतिपूरक वनीकरण भूमि का पुनः सत्यापन समानांतर रूप से सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने परियोजना की निर्धारित अलाइनमेंट के अनुसार प्रत्येक गतिविधि की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और उसका PERT चार्ट बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि परियोजना के विभिन्न चरणों की निगरानी और कार्यों की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जा सके।

वन स्वीकृति की आवश्यकता नहीं, वहां शुरू करें टावर की नींव का काम

मुख्य सचिव ने कहा कि जिन स्थानों पर राजस्व भूमि पर टावरों का निर्माण प्रस्तावित है और जहां वन स्वीकृति की आवश्यकता नहीं है, वहां टावरों की नींव का कार्य शुरू किया जाए। इसके साथ ही यूटिलिटी शिफ्टिंग से संबंधित कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

गौरीकुंड और सोनप्रयाग में पार्किंग व जनसुविधाओं की योजना

बैठक में गौरीकुंड और सोनप्रयाग के निकट पार्किंग, जनसुविधाओं तथा आवासीय सुविधाओं के विकास के लिए समुचित योजना तैयार करने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य रोपवे परियोजना के साथ-साथ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाना है।

केदारनाथ यात्रा प्रभावित न हो, वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से हों सुनिश्चित

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि यात्रा के व्यस्ततम समय में निर्माण कार्य जारी रहने के बावजूद केदारनाथ यात्रा का संचालन प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की पहले से योजना तैयार कर उन्हें सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार और NHLML के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *