रविवार को सेलाकुई में लगेगा विशाल बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर

एक ही स्थान पर मिलेगी नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, विधिक सहायता, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं विभिन्न सरकारी सुविधाएं

देहरादून ,

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा आगामी 06 सितंबर 2026 (रविवार) को सेलाकुई में विशाल “बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर” आयोजित किया जाएगा।

नि:शुल्क शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक जय कम्युनिटी सेंटर, सेलाकुई तथा पी.एम. श्री शहीद सत्येन्द्र चौहान अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सेलाकुई (देहरादून) के प्रांगण में किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श, विधिक सहायता एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

मौके पर जारी होंगे दिव्यांग प्रमाण पत्र

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में दिव्यांगता की जांच की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही अस्थिरोग, मानसिक रोग, स्त्री रोग, ईएनटी एवं फिजिशियन विशेषज्ञों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा।

वहीं, टीबी जांच के लिए मोबाइल वैन, सिकल सेल एनीमिया जांच तथा पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

आयुष्मान कार्ड और नि:शुल्क दवा की सुविधा

शिविर में पात्र नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की तत्काल व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त नि:शुल्क दवा वितरण, बच्चों का टीकाकरण तथा दृष्टि स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं विधिक सेवाओं का लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ उनके विधिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *