देहरादून ,
जनपद देहरादून में घरेलू गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तेजी से जारी है। भारत सरकार द्वारा ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब सात दिन बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दिया गया है।
जनपद में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी लंबित है। लंबित उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें।
ई-केवाईसी के तीन आसान माध्यम
- संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी कराई जा सकती है।
- गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के मोबाइल एप एवं बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से ई-केवाईसी कराई जा सकती है।
- संबंधित तेल विपणन कंपनी—इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस—का अधिकृत मोबाइल एप डाउनलोड कर उपभोक्ता स्वयं भी ई-केवाईसी कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि 23 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित हो सकती है और उन्हें सिलेंडर व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध होगा। इसलिए उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की गई है।