देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून की स्थिति, आपदा प्रबंधन, सड़क सुधार, स्वच्छता, नशे के खिलाफ अभियान और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मानसून के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होने के बाद 15 अक्टूबर तक किसी भी स्थिति में प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश और आपदा के कारण जिन स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं या मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, वहां मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जाएं।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान ड्रेनेज सिस्टम में आई समस्याओं को भी तत्काल चिन्हित कर उनके समाधान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी और खराब स्थिति वाली सड़कों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की स्थिति का आकलन कर डामरीकरण एवं सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को अपने फोन चालू रखने और किसी भी परिस्थिति में संपर्क से बाहर न रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा या अत्यधिक वर्षा की स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर सभी तैयारियां पूरी रखी जाएं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता अभियान में तेजी लाने, नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने तथा अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
