कांवड़ यात्रा-2026: सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे एडीजी वी. मुरूगेशन, डाक कांवड़ को लेकर दिए विशेष निर्देश

हरिद्वार,

कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरूगेशन ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

एडीजी ने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के माध्यम से जनपद के संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों और कांवड़ पटरी मार्गों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने उन्हें वर्तमान ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान, राष्ट्रीय राजमार्गों और कांवड़ मार्गों की स्थिति के साथ अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए श्रद्धालुओं की संख्या की विस्तृत जानकारी दी।

डाक कांवड़ को लेकर विशेष तैयारी

एडीजी वी. मुरूगेशन ने आगामी डाक कांवड़ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी हरिद्वार और पुलिस अधीक्षक यातायात को आवश्यकतानुसार ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान समय रहते लागू करने तथा विभिन्न पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम और व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए तथा कंट्रोल रूम, फील्ड पुलिस और ट्रैफिक इकाइयों के बीच सतत संवाद सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *