कुमाऊँ में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करे एसजीआरआर ग्रुप, सरकार देगी हरसंभव सहयोग: मंत्री राम सिंह कैड़ा

देहरादून ,

उत्तराखण्ड सरकार के शहरी विकास एवं पर्यावरण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। परंपरा के अनुरूप उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि श्री दरबार साहिब आध्यात्मिक आस्था, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय तथा श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।

उन्होंने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप की उत्कृष्ट सेवाओं का लाभ कुमाऊँ मण्डल के लोगों को भी मिलना चाहिए। इसके लिए ग्रुप को कुमाऊँ क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना की दिशा में पहल करनी चाहिए, जिससे स्थानीय युवाओं और आमजन को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भरोसा दिलाया कि यदि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल कुमाऊँ मण्डल में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करता है, तो राज्य सरकार हर स्तर पर आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की सेवा, शिक्षा और मानव कल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एसजीआरआर ग्रुप समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और जनकल्याणकारी गतिविधियां पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल संस्थानों का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार और संवेदनशीलता की भावना पहुंचाना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग, समाज के विश्वास और ईश्वर की कृपा से एसजीआरआर ग्रुप भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कैबिनेट मंत्री को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा एसजीआरआर ग्रुप द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *