देहरादून ,
देहरादून में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ कई संवेदनशील मामलों में सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कुल 171 फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में सबसे गंभीर मामला विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी का सामने आया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि करीब 15 युवाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से वार्ता कर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, एक मानवीय मामले में एक परिवार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन से वंचित है। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मेडिकल परीक्षण कराने और एक सप्ताह के भीतर पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवार को जल्द राहत मिल सके।
बैठक में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, बैंक ऋण, मुआवजा और आपदा से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तय समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने, बिजली लाइनों से जुड़े संभावित खतरों को दूर करने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के समापन पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि युवाओं से ठगी, महिलाओं और बुजुर्गों के उत्पीड़न तथा जनहित से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।