श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में खुलेगा इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर

दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, विद्यार्थियों को मिलेंगी शैक्षणिक सहायता सेवाएं

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं इन्दिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के तहत श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिसर में इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर (एलएससी) की स्थापना की जाएगी, जिससे दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा को नई गति मिलेगी।

एमओयू पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर तथा इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी एवं शैक्षणिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को सुलभ, लचीली और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक परामर्श, अध्ययन सामग्री, प्रवेश एवं परीक्षा संबंधी सहायता सहित विभिन्न शिक्षार्थी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से उन छात्रों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, जो नियमित शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ हैं अथवा नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। साथ ही, यह पहल आजीवन शिक्षा एवं समावेशी शिक्षा की अवधारणा को भी मजबूती प्रदान करेगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि इग्नू के साथ यह साझेदारी शैक्षणिक पहुंच को व्यापक बनाएगी तथा विद्यार्थियों, कार्यरत पेशेवरों और दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करेगी।

वहीं, इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने कहा कि प्रस्तावित केंद्र समाज तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन एवं शिक्षार्थी-अनुकूल अकादमिक सहयोग पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

एमओयू हस्ताक्षर समारोह में इग्नू के उपनिदेशक डॉ. राजीव, विश्वविद्यालय की आईक्यूएसी निदेशक प्रो. (डॉ.) सोनिया गंभीर, कुलपति की विशेष कार्याधिकारी डॉ. श्रेया कोटनाला, प्रो. (डॉ.) मनीषा सिंह सहित दोनों संस्थानों के संकाय सदस्य एवं शैक्षणिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *