सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से की मुलाकात, हरिद्वार गंगा कॉरिडोर व कुंभ-2027 परियोजनाओं पर मांगा सहयोग

नई दिल्ली/उत्तराखंड ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर राज्य से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से संबंधित लगभग ₹325 करोड़ की परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना के तहत विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और विद्युत प्रणाली के स्वचालन के लिए पहले चरण में ₹325 करोड़ की राशि शीघ्र स्वीकृत की जाए। साथ ही दूसरे चरण के अंतर्गत शेष लगभग ₹425 करोड़ की धनराशि को भी मंजूरी देने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार और ऋषिकेश में कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं को सुदृढ़ करने और शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय यातायात को मजबूत बनाने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही **देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी अनुरोध किया, ताकि इन शहरों के बीच आवागमन अधिक सुगम हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के लागू होने से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी और पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। साथ ही यह पहल उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ते हुए क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और समग्र विकास को नई गति देगी।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *